लखनऊ: निगोहाँ पुलिस की बड़ी कामयाबी, 24 घंटे के अंदर लूटकांड का खुलासा; एक आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी के थाना निगोहाँ क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। हालांकि, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
क्या था पूरा मामला?
बीती 17 मई 2026 को रायबरेली के निवासी अजीत सिंह, जो मोहनलालगंज स्थित एक वेयरहाउस में कार्यरत हैं, ड्यूटी के बाद अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 03:20 बजे निगोहाँ के लालपुर स्थित दखिना टावर के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोका। बदमाशों ने अजीत के साथ मारपीट की और उनकी स्पप्लेंडर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटनास्थल से लेकर रायबरेली तक के रास्ते में पड़ने वाले 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस लुटेरों के करीब पहुँचने में सफल रही।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी
18 मई को मुखबिर से मिली सटीक जानकारी पर कार्रवाई करते हुए निगोहाँ पुलिस ने हरिओम तिवारी (निवासी: पुरे लोकई का पुरवा, रायबरेली) को मीरकनगर मार्ग के पास से दबोच लिया। आरोपी के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों लवकुश यादव और पंकज तिवारी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
साजिश का पर्दाफाश: 'पहचान छिपाने के लिए की थी लूट'
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वे लोग लूटी गई बाइक का इस्तेमाल आगे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए करना चाहते थे, ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके और उनकी असली पहचान छिपी रहे। आरोपी लखनऊ के गुडंबा इलाके में रहकर पेंटिंग का काम करते थे और सुनसान रास्तों पर राहगीरों को अपना निशाना बनाते थे।
पुलिस का बयान: "हमने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों लवकुश और पंकज की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित हैं। जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।"
रिपोर्ट: तौफीक अहमद, ब्यूरो चीफ (लखनऊ)
अटल सत्य टीवी न्यूज़ 24



कोई टिप्पणी नहीं: