लखनऊ। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन
को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत राजधानी लखनऊ में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। बासंतिक नवरात्रि के अवसर पर चल रहे इस विशेष अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 08 अप्रैल 2026 को विकास भवन स्थित लोहिया सभागार में “कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम-2013” विषय पर एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई।कार्यक्रम जिलाधिकारी श्री विशाख जी के नेतृत्व तथा मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी, लखनऊ द्वारा की गई। इस अवसर पर सीओ (महिला अपराध), लखनऊ भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिनमें बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा विभाग की शिक्षिकाएं, चिकित्सा विभाग की आशा एवं एएनएम कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला विकास अधिकारी के उद्बोधन से हुई, जिसमें उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं के सुरक्षित माहौल की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी ने पॉक्सो एक्ट की धाराओं एवं SHe-Box पोर्टल की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान सीओ (महिला अपराध) ने स्पष्ट किया कि कार्यस्थल पर महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है और सभी संस्थानों को इस संबंध में संवेदनशील रहना आवश्यक है।
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में आंतरिक परिवाद समिति (Internal Complaints Committee) का गठन अनिवार्य है और इसकी जानकारी नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जानी चाहिए। ऐसा न करने पर संबंधित संस्थान पर कानूनी कार्रवाई एवं जुर्माने का प्रावधान है।
खुले सत्र में प्रतिभागियों ने कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। अंत में महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
तौफीक अहमद
ब्यूरो चीफ, लखनऊ
अटल सत्य टीवी न्यूज 24



कोई टिप्पणी नहीं: