निष्पक्ष खबरों के संग्रह की अपील
लखनऊ।
अटल सत्य टी वी न्यूज 24 की ओर से उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, सभी पुलिस कमिश्नरों एवं जनपदों के पुलिस अधीक्षकों से एक महत्वपूर्ण अपील की गई है। अपील में कहा गया है कि प्रदेश के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं कि किसी भी पत्रकार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने से पहले निष्पक्ष एवं गहन जांच अनिवार्य रूप से की जाए।
आज के समय में किसी पत्रकार पर रंगदारी, ब्लैकमेलिंग या धमकी देकर पैसे वसूलने जैसे गंभीर आरोप लगाना बेहद आसान हो गया है। कई मामलों में बिना ठोस साक्ष्य और प्रारंभिक जांच के ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर दी जाती है, जो न केवल न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है बल्कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता पर भी आघात है।
यह आवश्यक है कि ऐसे मामलों में निम्न बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जाए—
क्या संबंधित पत्रकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में ठोस साक्ष्य (ऑडियो/वीडियो/लेन-देन का विवरण) उपलब्ध हैं?
कथित रूप से मांगी गई धनराशि कितनी है और उसका कोई प्रमाण है या नहीं?
आरोप लगाने वाला व्यक्ति कहीं स्वयं किसी अवैध गतिविधि या भ्रष्टाचार में संलिप्त तो नहीं?
प्रदेश में अनेक ऐसे पत्रकार हैं जो बेहद सीमित संसाधनों में रहते हुए ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कई पत्रकारों के पास रहने के लिए पक्का घर तक नहीं है, उनके बच्चे बेहतर शिक्षा से वंचित हैं और आकस्मिक बीमारी की स्थिति में इलाज के लिए भी पर्याप्त धन नहीं होता। इसका कारण यह है कि वे अवैध निर्माण, अतिक्रमण, भू-माफिया, रेत माफिया, स्पा सेंटर, हुक्का बार जैसी अनियमितताओं और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ निर्भीक होकर खबरें प्रकाशित करते हैं।
दुर्भाग्यवश, ऐसे ही ईमानदार पत्रकारों को साजिश के तहत फंसाने के लिए कभी-कभी मामूली ऑनलाइन लेन-देन दिखाकर या झूठे आरोप लगाकर मुकदमे दर्ज करा दिए जाते हैं, जिससे उनकी छवि धूमिल होती है और उन्हें अनावश्यक कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अटल सत्य टी वी न्यूज 24 का मानना है कि जो व्यक्ति वास्तव में रंगदारी या ब्लैकमेलिंग जैसे कृत्यों में लिप्त होगा, उसकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति स्वतः ही अलग दिखाई देगी। इसलिए केवल आरोपों के आधार पर किसी पत्रकार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं है।
अतः पुनः आग्रह है कि—
पत्रकारों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से पूर्व निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्दोष पत्रकारों का उत्पीड़न न हो और दोषी व्यक्तियों पर ही उचित कार्रवाई हो सके।
— अटल सत्य टी वी न्यूज 24



कोई टिप्पणी नहीं: