लखनऊ | अटल सत्य टीवी न्यूज 24 | रिपोर्ट: अटल बिहारी शर्मा
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के थाना सआदतगंज और पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण किया है। पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण, मोबाइल और नकदी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
क्या था पूरा मामला?
बीती 10 मई 2026 को बालागंज के रामनगर निवासी मुजीब पुत्र जाहिद अली ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने जेवरात और नकदी पार कर दी है। पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
ऐसे गिरफ्त में आए शातिर चोर
पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) और सहायक पुलिस आयुक्त (बाजारखाला) के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से जाल बिछाया। मात्र 24 घंटे के अंदर पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया:
इमरान पुत्र इदरीश (निवासी: शाहगंज तकिया, चौक)
मोहम्मद जमाल पुत्र मो. फिरोज (निवासी: बीबीगंज, सआदतगंज)
अपराध करने का तरीका
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे दिन में सुनसान और बंद मकानों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही भोर के समय ताला तोड़कर घर में दाखिल होते और कीमती सामान समेटकर फरार हो जाते थे। चोरी के सामान को बेचकर वे अपने महंगे शौक और खर्च पूरे करते थे।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
नकदी: ₹23,700/-
चांदी के आभूषण: 04 जोड़ी पायल, 01 चैन (वजन 238 ग्राम)
सोने के आभूषण: 01 लाकेट, मंगलसूत्र (वजन 14.57 ग्राम)
मोबाइल: 03 अदद स्मार्ट फोन (Redmi, Infinix, Realme)
शातिर अपराधी है मोहम्मद जमाल
गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद जमाल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध राजधानी के ठाकुरगंज, पारा और सआदतगंज जैसे थानों में चोरी और लूट के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
इस सफल अनावरण में सआदतगंज थाना प्रभारी के साथ उ.नि. योगेन्द्र कुमार, सर्विलांस प्रभारी (पश्चिमी) रंजीत सिंह, उ.नि. आशीष बालियान, और कांस्टेबल विनोद, आशीष पाल, अभिलेख चौधरी सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ धारा 305/331(4)/317(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहिए 'अटल सत्य टीवी न्यूज 24' के साथ।



कोई टिप्पणी नहीं: