अतरौली में अवैध अस्पताल बना “मौत का अड्डा”, ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत से मचा हड़कंप
स्लग: अलीगढ़ / अतरौली
रिपोर्ट: दीपक भारद्वाज, अलीगढ़
अलीगढ़ जनपद की अतरौली तहसील में बिना लाइसेंस संचालित प्राइवेट अस्पतालों का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला छर्रा रोड स्थित ‘यश अस्पताल’ का है, जहां एक 40 वर्षीय महिला की ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कदौली निवासी सर्वेश देवी (40 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय गेंदालाल, को करीब पांच दिन पहले इलाज के लिए यश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के पास न तो कोई वैध लाइसेंस है और न ही वहां योग्य डॉक्टर मौजूद थे। इसके बावजूद महिला का ऑपरेशन किया गया, जिसके दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे चार बेटियां छोड़ गई हैं। बताया जा रहा है कि परिवार पहले ही संकट में था, क्योंकि करीब तीन साल पहले उनके पति गेंदालाल की भी मृत्यु हो चुकी थी। अब मां के निधन के बाद बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतरौली क्षेत्र में कई अवैध अस्पताल और क्लीनिक खुलेआम संचालित हो रहे हैं, जहां बिना डिग्री और बिना रजिस्ट्रेशन के इलाज किया जा रहा है। अस्पतालों के बोर्ड पर बड़े-बड़े डॉक्टरों के नाम लिखे होते हैं, लेकिन असलियत में झोलाछाप लोगों द्वारा ऑपरेशन तक किए जाते हैं।
लोगों में यह भी चर्चा है कि इन अवैध अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग का संरक्षण प्राप्त है। आरोप है कि हर बड़ी घटना के बाद पैसे लेकर मामले को दबा दिया जाता है। इस मामले में भी कथित तौर पर लेन-देन की बातें सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बेखौफ संचालक, बेबस जनता
लगातार शिकायतों और मौतों के बावजूद इन अस्पतालों पर कार्रवाई न होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। सवाल उठता है कि आखिर किसके संरक्षण में ये “मौत के अड्डे” चल रहे हैं? क्या गरीब और असहाय लोगों की जिंदगी की कोई कीमत नहीं रह गई है?
फिलहाल, पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। अब देखना यह होगा कि अलीगढ़ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस मामले में सख्त कदम उठाते हैं या फिर एक और घटना का इंतज़ार किया जाएगा।
(अटल सत्य टीवी न्यूज 24)



कोई टिप्पणी नहीं: