लखनऊ: मोहनलालगंज पुलिस ने 89 मुकदमों से जुड़ी 4200 लीटर अवैध शराब पर चलवाया बुलडोजर
लखनऊ। राजधानी में पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराधियों और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना मोहनलालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मालखाने में वर्षों से लंबित 89 अभियोगों से संबंधित लगभग 4200 लीटर अवैध कच्ची व देशी शराब को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेशानुसार और पुलिस के विशेष अभियान के तहत संपन्न की गई।
पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देशानुसार जनपद में लंबित मालों के निस्तारण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनन्द, एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली बसंथ कुमार और एसीपी मोहनलालगंज श्री ज्ञानेन्द्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक बृजपाल कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में यह विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट की गई शराब
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, वर्ष 2017 से वर्ष 2025 के बीच पंजीकृत कुल 89 मुकदमों में बरामद की गई अवैध शराब को नष्ट करने के लिए थाना परिसर में जेसीबी मशीन की मदद ली गई।
प्रक्रिया: परिसर में गहरा गड्ढा खुदवाकर भारी मात्रा में बरामद शराब को उसमें डालकर नष्ट किया गया।
पारदर्शिता: कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।
गवाह: समस्त विधिक औपचारिकताओं के साथ-साथ ग्राम चौकीदारों की उपस्थिति में शराब को नष्ट कराया गया।
"अवैध शराब के विरुद्ध यह कार्यवाही समाज में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। भविष्य में भी शराब तस्करी और अवैध निर्माण में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।" - पुलिस प्रशासन, लखनऊ
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही के दौरान एसीपी मोहनलालगंज श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री यशवन्त सिंह एवं मालखाना मोहर्रिर हेड कांस्टेबल संजीव कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: तौफीक, ब्यूरो चीफ (लखनऊ)
अटल सत्य टीवी न्यूज़ 24



कोई टिप्पणी नहीं: