संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, गले पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका — पति गिरफ्तार, तीन फरार
बाराबंकी जनपद के थाना बड़डूपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
मृतका की पहचान रेनू वर्मा, पुत्री स्वर्गीय राम खेलावन, निवासी महमूदपुर मजरे लालपुर थाना सदरपुर जनपद सीतापुर के रूप में हुई है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतका की चचिया सास ने लड़की के भाई राम प्रवेश वर्मा को फोन कर बताया कि उसकी बहन की मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही भाई मौके पर पहुंचा, जहां उसने देखा कि शव को नहलाकर अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी।
परिजनों को स्थिति संदिग्ध लगी तो उन्होंने शव की जांच की, जिसमें मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना बड़डूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बाराबंकी भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि मृतका के पति मोहित वर्मा का किसी अन्य महिला मीरदेवी से अवैध संबंध था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि रेनू वर्मा की हत्या कर उसे पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति मोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में अन्य तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की बात कह रही है।
तौफीक अहमद, ब्यूरो चीफ लखनऊ
अटल सत्य टीवी न्यूज 24



कोई टिप्पणी नहीं: