गोण्डा। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में सरकारी टेंडर के नाम पर कथित धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डीसी निर्माण अधिकारी विद्याभूषण मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अधिकारी पर जेम पोर्टल के माध्यम से फर्नीचर आपूर्ति का टेंडर दिलाने के नाम पर ₹50 लाख की घूस मांगने और मानसिक उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप है।
बताया जा रहा है कि यह मामला नवंबर 2025 में न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया था। मोतीगंज निवासी मनोज पांडेय ने शिकायत में आरोप लगाया था कि उनकी फर्म का चयन टेंडर के लिए होने के बाद तत्कालीन बीएसए अतुल कुमार तिवारी, डीसी प्रेम शंकर मिश्र और डीसी निर्माण विद्याभूषण मिश्रा ने उनसे भारी भरकम रकम की मांग की थी।
पीड़ित के अनुसार, आंशिक भुगतान करने के बावजूद लगातार और पैसों का दबाव बनाया जाता रहा। इतना ही नहीं, पैसे न देने पर फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी भी दी गई, जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित रहे।
मामले की विवेचना के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुल्तानपुर निवासी आरोपी विद्याभूषण मिश्रा को उनके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अटल सत्य टी वी न्यूज 24 के लिए ब्यूरो रिपोर्ट शिवशरण गोंडा



कोई टिप्पणी नहीं: