महा युद्ध के खतरे पर संगोष्ठी, डिप्टी सीएम ने किया शुभारंभ
लखनऊ, 31 मार्च 2026। राजधानी लखनऊ में “विश्व युद्ध के खतरे और बुद्ध की प्रासंगिकता” विषय पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन उद्यान भवन के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
यह संगोष्ठी डॉ. आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के तत्वावधान में पूर्वाह्न 11:00 बजे से प्रारंभ हुई। ट्रस्ट के मंत्री अमरनाथ प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर बढ़ते युद्ध के खतरे के बीच शांति, अहिंसा और मानवीय मूल्यों को पुनः स्थापित करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्य मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने की, जबकि संचालन रामचंद्र पटेल द्वारा किया गया। संगोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने गौतम बुद्ध के विचारों की वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शांति, सह-अस्तित्व और संवाद ही किसी भी संभावित महा युद्ध का प्रभावी विकल्प हो सकते हैं।
संगोष्ठी में विभिन्न बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी उपस्थितजनों ने एकजुट होकर महा युद्ध के खिलाफ आवाज उठाने और समाज में शांति एवं सद्भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
— अटल सत्य टीवी न्यूज 24



कोई टिप्पणी नहीं: