सरोजनीनगर में तिरंगे के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, 10 हजार से अधिक बाइकों के साथ निकली 20 किमी लंबी तिरंगा यात्रा
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को भव्य ‘सरोजनीनगर तिरंगा यात्रा बाइक रैली’ का आयोजन किया गया। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में आयोजकों के अनुसार 10 हजार से अधिक बाइकों पर युवाओं, मातृशक्ति और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया।
भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद युवाओं में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखते ही बना। हजारों बाइक सवार हाथों में तिरंगा लेकर निकले। इस दौरान पूरे मार्ग पर ‘भारत माता की जय’ के नारों और देशभक्ति के गीतों से वातावरण गूंजता रहा।
20 किलोमीटर तक चला तिरंगे का कारवां
आयोजकों के मुताबिक, लगभग 20 किलोमीटर लंबी यह यात्रा चार से पांच घंटे से अधिक समय तक चली। एचपी पेट्रोल पंप, अशोक लीलैंड गेट नंबर-2 से शुरू हुई तिरंगा यात्रा सरोजनीनगर के प्रमुख मार्गों और करीब 17 प्रमुख स्थलों एवं चौराहों से होते हुए सार्वजनिक पार्क, IGNOU क्षेत्रीय केंद्र के निकट और वृंदावन योजना होते हुए तेलीबाग पहुंची, जहां इसका भव्य समापन हुआ।
यात्रा के मार्ग में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं ने पुष्पवर्षा तथा तिरंगा लहराकर बाइक रैली का स्वागत किया। कई स्थानों पर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर दिखाई दिया।
आर.पी. सिंह की मौजूदगी ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह
तिरंगा यात्रा में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आर.पी. सिंह की विशेष मौजूदगी भी रही। उनकी उपस्थिति ने युवाओं, खासकर Gen-Z प्रतिभागियों में उत्साह बढ़ाया। आयोजकों ने बताया कि यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही।
70 महिलाओं को बांटी गईं सिलाई मशीनें
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 70 महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संदेश देना था।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया ‘राष्ट्र प्रथम’ का जनघोष
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह बाइक रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, राष्ट्रगौरव और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प का विराट जनघोष है।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और सरोजनीनगर के नागरिकों का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
अटल सत्य टीवी न्यूज़ 24 | लखनऊ



कोई टिप्पणी नहीं: