रायपुर दलपतपुर में फ्लाइंग ऑफिसर संसार सिंह का भव्य स्वागत, देशभक्ति के नारों से गूंजा गांव
अतरौली (दीपक भारद्वाज की रिपोर्ट)
रायपुर दलपतपुर: गांव रायपुर दलपतपुर में सोमवार को आयोजित 'आसमां का लाल, धरती का अभिमान' कार्यक्रम देशभक्ति और गौरव का प्रतीक बन गया। भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयनित गांव के सपूत संसार सिंह का पहली बार गांव आगमन पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। 'भारत माता की जय' और 'भारतीय सेना जिंदाबाद' के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
भावुक क्षण: गांव के बेटे का अभिनंदन
कार्यक्रम में किसान, शिक्षक, महिलाएं, बुजुर्ग एवं जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गांव की माताओं ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर अपने वीर सपूत का अभिनंदन किया, जिससे पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
अपने संबोधन में फ्लाइंग ऑफिसर संसार सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "यह वर्दी गांव और क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद की पहचान है। देशसेवा सैनिक के जीवन का सबसे बड़ा धर्म है और मैं अंतिम सांस तक मातृभूमि की आन-बान-शान की रक्षा के लिए समर्पित रहूंगा।"
प्रेरणा के स्रोत बने संसार सिंह
कार्यक्रम का संचालन कर रहे शिक्षक नेता हऊआ चौधरी ने कहा कि संसार सिंह ने न केवल गांव का बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए मेहनत और लगन से सफलता पाने का सबसे बड़ा उदाहरण है।
अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष साहब सिंह राजपूत ने युवाओं से सेना में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज कुमार और पूर्व सैनिक राजपाल सिंह ने युवाओं को अनुशासन और परिश्रम का महत्व समझाते हुए सेना की ओर प्रेरित किया। शिक्षक नेता डॉ. रक्षपाल सिंह ने भी अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ देशसेवा के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
युवाओं ने लिया देशसेवा का संकल्प
इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के दौरान गांव के बड़ी संख्या में युवाओं ने सशस्त्र बलों में शामिल होकर देशसेवा करने का दृढ़ संकल्प लिया।
इस अवसर पर जगवीर सिंह प्रधान, राजाराम राघव, अंकित चौधरी, ओमवीर राघव, राजेश चौधरी, योगेंद्र सिंह, धर्मपाल राघव, गजेंद्र पहलवान, अभिषेक चौधरी, लोकेंद्र चौधरी, चंद्रपाल सिंह, राकेश कुमार, कमल सिंह, वतन चौधरी, बंटी चौधरी, योगेंद्र कुमार सिंह, प्रताप सिंह कुंतल, उमाकरन, तेजवीर सिंह, मक्खन सिंह, सुखवीर सिंह, रामजीलाल, श्योराज सिंह, अंकुर सिंह, अरविंद और देवेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अटल सत्य टी वी न्यूज़ 24



कोई टिप्पणी नहीं: