अलीगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एनकाउंटर में 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश ढेर, 18 महिलाओं से लूट कर फैलाई थी दहशत
अलीगढ़ | उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अतरौली, थाना हरदुआगंज, स्वॉट और सर्विलांस की संयुक्त टीमों के साथ हुई मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने मार गिराया है। इन बदमाशों ने पिछले एक हफ्ते के भीतर इलाके की करीब 18 महिलाओं से कुंडल और जेवरात की लूट कर क्षेत्र में भारी खौफ पैदा कर रखा था।
खेतों में काम करने वाली महिलाओं को बनाते थे निशाना
मारे गए बदमाशों का आतंक इतना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं खेतों में जाने से कतराने लगी थीं। बदमाशों ने:
17 मई: मड़राक क्षेत्र के भकरौला में चारा काट रही 9 महिलाओं से लूट की।
21 मई: अतरौली के कल्याण नगर, छर्रा के बाईकला और गोधा के मैमड़ी गांव में घास काट रही महिलाओं को तमंचे के बल पर अपना शिकार बनाया।
इन घटनाओं के संबंध में विभिन्न थानों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज थे। लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
ऐसे हुई पुलिस मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र और क्षेत्राधिकारी अतरौली राजीव द्विवेदी के नेतृत्व में टीमें गठित की गई थीं। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से बदमाशों की पहचान सुनिश्चित की गई।
आज दिनांक 24 मई 2026 को प्रातः खैर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर भागने की कोशिश की और फायरिंग की। इसके बाद शाम करीब 3:00 बजे अतरौली क्षेत्र में बदमाशों ने फिर से एक महिला से कुंडल लूटने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस टीमों ने त्वरित घेराबंदी की, जिस पर खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई (आत्मरक्षार्थ फायरिंग) में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
अपराधियों का काला चिट्ठा
मारे गए बदमाशों की पहचान रजा मोहम्मद उर्फ रजुआ (निवासी हापुड़/मेरठ) और मोमीन (निवासी बुलन्दशहर) के रूप में हुई है।
रजा मोहम्मद: इसके विरुद्ध गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, बागपत और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित 40 मुकदमे दर्ज थे।
मोमीन: इसके खिलाफ अलीगढ़, बुलन्दशहर और हापुड़ में लूट और चोरी के 27 मामले दर्ज थे।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
लूटा गया एक कुंडल।
एक अवैध पिस्टल (.32 बोर), 6 खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस।
एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और कारतूस।
वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की विधिक कार्यवाही जारी है। इस सफलता से क्षेत्र की महिलाओं और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
रिपोर्ट: दीपक भारद्वाज, अलीगढ़



कोई टिप्पणी नहीं: