सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर – लखनऊ में अवैध निर्माणों का जाल, एलडीए की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के ज़ोन छः और सात में तैनात संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद इन क्षेत्रों में धड़ल्ले से अवैध निर्माण कार्य जारी है।
बताया जा रहा है कि नादन महल रोड, मौलवीगंज, चौक, उदयगंज, ठाकुरगंज, रकाबगंज, अमीनाबाद, गणेशगंज और लाटूश रोड समेत कई घनी आबादी वाले इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर निर्माण हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि रिहायशी क्षेत्रों में गहरे बेसमेंट खोदकर कमर्शियल बिल्डिंग तैयार की जा रही हैं, जो न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है बल्कि भविष्य में सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकती हैं।
सूत्रों का यह भी दावा है कि कुछ दबंग बिल्डरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम निर्माण कार्य कर रहे हैं और इसमें विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है। यही कारण है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अवैध निर्माणों की वजह से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही है, साथ ही किसी भी आपात स्थिति में बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस पूरे मामले को संज्ञान में लेकर कब तक कार्रवाई करता है और क्या वास्तव में अवैध निर्माणों पर रोक लग पाती है या नहीं।
(अटल सत्य टीवी न्यूज 24 की टीम इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है)



कोई टिप्पणी नहीं: