गोमती नगर में घटिया सड़क निर्माण पर फूटा लोगों का गुस्सा, जांच की मांग तेज
गोमती नगर। राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित विपुल खंड-3 की जन कल्याण समिति कॉलोनी में हाल ही में नगर निगम द्वारा कराए गए सड़क निर्माण कार्य पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। कॉलोनीवासियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह से मानकों के विपरीत बताया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़क पर गड्ढे बनने शुरू हो गए, जिससे साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और पूरा काम केवल “लिपापोती” तक सीमित रहा।
कॉलोनी के लोगों में इस मुद्दे को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में क्षेत्र के पार्षद से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिला, जिससे लोगों में असंतोष और बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, सड़क का दोबारा निर्माण तय मानकों के अनुसार कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।
फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन स्थानीय लोग जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं।
अटल सत्य टी वी न्यूज 24 के लिए हेमंत चौहान की रिपोर्ट लखनऊ।



कोई टिप्पणी नहीं: