हेडलाइन:
मेदांता लखनऊ में जटिल सर्जरी सफल, गर्दन के स्कार कॉन्ट्रैक्चर से पीड़ित मासूम को मिली नई जिंदगी
राजधानी लखनऊ स्थित मेदांता हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने एक मासूम बच्चे की जटिल सर्जरी कर उसे नई जिंदगी दी है। गर्दन के पीछे बने गंभीर स्कार कॉन्ट्रैक्चर से पीड़ित यह बच्चा अब सामान्य रूप से सिर सीधा रखकर अपने माता-पिता की आँखों में देख पा रहा है।
कुछ समय पहले जब परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, तो पहली नजर में वह सामान्य दिख रहा था, लेकिन वह लगातार ऊपर की ओर देख रहा था और गर्दन झुकाने में पूरी तरह असमर्थ था। इस समस्या के कारण वह अपने माता-पिता से आंख मिलाकर बात तक नहीं कर पा रहा था।
अस्पताल के प्लास्टिक, एस्थेटिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी विभाग के डायरेक्टर डॉ. निखिल पुरी और सीनियर कंसल्टेंट डॉ. आशीष विलास यूकेई की टीम ने इस चुनौतीपूर्ण केस को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
डॉ. निखिल पुरी के अनुसार, बच्चे की गर्दन के पीछे गंभीर स्कार कॉन्ट्रैक्चर बन गया था, जो कुछ महीने पहले हुए संक्रमण के कारण विकसित हुआ। घाव तो भर गया, लेकिन त्वचा सख्त होकर सिकुड़ गई और गर्दन को पीछे की ओर खींचने लगी, जिससे बच्चा सिर आगे नहीं झुका पा रहा था।
सर्जरी से पहले बच्चे की सेहत सुधारना जरूरी था, क्योंकि वह कुपोषण का शिकार था। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से जटिल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान जकड़ी हुई त्वचा को ढीला किया गया, जरूरत पड़ने पर आसपास की त्वचा को खिसकाकर और शरीर के अन्य हिस्सों से त्वचा लेकर प्रभावित हिस्से को कवर किया गया।
विशेष बात यह रही कि ऑपरेशन के दौरान न तो अधिक रक्तस्राव हुआ और न ही ट्रेकियोस्टॉमी जैसी जटिल प्रक्रिया की आवश्यकता पड़ी। सर्जरी के बाद बच्चे को आईसीयू में निगरानी में रखा गया और धीरे-धीरे उसकी स्थिति में सुधार होता गया।
करीब एक महीने के इलाज के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब वह सामान्य रूप से सामने देख सकता है और उसके चेहरे पर आत्मविश्वास साफ झलकता है।
यह सफलता न केवल चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि उस परिवार के लिए नई उम्मीद और खुशियों की शुरुआत भी है, जो लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहा था।
अटल सत्य टी वी न्यूज 24
लखनऊ से विजय गुप्ता की रिपोर्ट



कोई टिप्पणी नहीं: