अटल सत्य टी वी न्यूज 24।
लखनऊ के थाना बाजारखाला में आज पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त बाजारखाला के साथ वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन के अवलोकन से हुई। इसके बाद अभिलेखों की गहन जांच की गई, जिसमें अपराध पंजिका, जनरल डायरी, हिस्ट्रीशीट, बीट बुक, ग्राम अपराध रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर और साइबर हेल्प डेस्क रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अभिलेखों के सही संधारण और नियमित अद्यतन के निर्देश दिए।
इसके अलावा मालखाना, शस्त्रागार और हवालात का भी निरीक्षण किया गया। वहां रखे सामान और अस्त्र-शस्त्रों के रख-रखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए आने वाली शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। वहीं साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई करने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस उपायुक्त ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उन्हें जल्द, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही अपराध नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामील और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखने पर बल दिया गया।
बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, नियमित पैदल गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों की सराहना भी की गई।
अंत में पुलिस उपायुक्त ने थाना परिसर की समग्र व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।



कोई टिप्पणी नहीं: