गोंडा में देर रात दो गुटों में भिड़ंत, रोडवेज चौकी के पास जमकर मारपीट
गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रोडवेज पुलिस चौकी के पास देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। यह घटना भैया राघव राम मार्केट में मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूसों के साथ बेल्ट से भी हमला किया। हैरानी की बात यह रही कि रोडवेज पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हो रही इस घटना के दौरान मौके पर मौजूद कई लोग झगड़ा छुड़ाने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे।
सूचना मिलने पर कुछ ही देर में रोडवेज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कई युवक मौके से फरार हो गए, जबकि कुछ को दौड़ाकर हिरासत में लिया गया। पकड़े गए युवकों को नगर कोतवाली लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद आपसी वर्चस्व को लेकर हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई तेज कर दी है।
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रोडवेज चौकी प्रभारी को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
(गोंडा से ब्यूरो रिपोर्ट: शिव शरण, अटल सत्य टीवी न्यूज 24)


