ब्रेकिंग न्यूज़: गोंडा में डीजल-पेट्रोल की अफवाहों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया
गोंडा, उत्तर प्रदेश:
गोंडा जिले में डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर चल रही अफवाहों के बीच बुधवार शाम 5 बजे अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में एक बड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्राधिकारी सिटी आनंद राय और जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह सहित सभी पेट्रोल पंप संचालक, पेट्रोलियम अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और पेट्रोलियम कंपनियों के संगठन शामिल हुए।
बैठक में अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को जिले में पर्याप्त डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी गई।
पेट्रोल पंप संचालकों और अधिकारियों ने साफ किया कि जिले में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। कुछ लोग जानबूझकर अफवाहें फैला रहे हैं और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जोर देकर कहा कि जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी तेल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी आनंद राय ने भी भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने पेट्रोल और डीजल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि वे उपभोक्ताओं को सुचारु और पारदर्शी तरीके से ईंधन उपलब्ध कराएं और किसी भी कालाबाजारी या अनियमितता से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि कोई व्यक्ति पंप पर भीड़ लगाकर ईंधन का भंडारण न करे, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोलियम संगठनों के सदस्यों को भी निर्देश दिया गया कि वे जनता को जागरूक करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट – शिव शरण
अटल सत्य टी वी न्यूज 24


