लखनऊ। उप्र राज्य सेतु निगम इम्प्लाइज यूनियन की स्थापना के 34 वर्ष पूर्ण होने तथा यूनियन की केंद्रीय कार्यकारिणी के 17वें द्विवार्षिक चुनाव (2026-28) के अवसर पर गुरुवार को सेतु निगम मुख्यालय प्रांगण में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन यूनियन के केंद्रीय महामंत्री श्री शिशिर गुप्ता द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के कई कर्मचारी नेता एवं संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारी हितों, संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और यूनियन के कार्यों की सराहना की।
समारोह में उपस्थित प्रदेश स्तरीय कर्मचारी नेताओं को इम्प्लाइज यूनियन की ओर से सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही सेतु निगम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मान देकर उनके योगदान की प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर यूनियन अध्यक्ष श्री इशरत जहां ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सेतु निगम के कर्मचारियों के हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए यूनियन लगातार कार्य करती रहेगी। उन्होंने प्रदेश भर से पहुंचे क्षेत्रीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी, अधिकारी और यूनियन सदस्य मौजूद रहे, जिससे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रिपोर्ट : अटल सत्य टीवी न्यूज 24



कोई टिप्पणी नहीं: