राजधानी लखनऊ में बैसाखी पर्व के अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के सामने एक विशेष “समाजवादी लंगर” का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों को तहरी शरबत और पानी वितरित किया गया। लंगर के माध्यम से आम जनता तक पहुंच बनाने और सामाजिक संदेश देने की कोशिश साफ तौर पर दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। आयोजकों का कहना था कि बैसाखी जैसे पावन पर्व पर सेवा भाव के जरिए समाज में भाईचारा और एकजुटता का संदेश देना ही इस पहल का उद्देश्य है।
इस मौके पर सपा नेत्री पूजा शुक्ला भसीन ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और जनसमस्याओं को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। खासतौर पर उन्होंने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को निशाने पर लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
पूजा शुक्ला भसीन ने कहा कि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि सरकार जमीनी मुद्दों से दूर नजर आ रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में आम आदमी की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है।
लंगर में पहुंचे लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए सपा आगामी समय में अपनी जनसंपर्क रणनीति को और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट अटल सत्य टी वी न्यूज 24 निष्पक्ष खबरों का संग्रह लखनऊ।
अटल बिहारी शर्मा।



कोई टिप्पणी नहीं: