लखनऊ।
प्रदेश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वासंतिक नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति 5.0 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत लखनऊ में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम निदेशक, महिला कल्याण उत्तर प्रदेश द्वारा जारी कार्ययोजना के अनुसार तथा जिलाधिकारी लखनऊ के नेतृत्व एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, विकास नगर, लखनऊ में किया गया, जहां छात्राओं के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया तथा जन जागरूकता साइकिल रैली भी निकाली गई, जिसका उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अमिता सिंह, प्रवक्ता श्रीमती रश्मी मिश्रा, श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती सीमा मिश्रा, श्रीमती मनीषा सक्सेना, सहायक अध्यापिका श्रीमती बबिता रानी वर्मा एवं श्रीमती अपर्णा जौहरी उपस्थित रहीं।
साथ ही जिला प्रोबेशन कार्यालय, लखनऊ हब की टीम से श्रीमती बन्दना द्विवेदी (जेंडर स्पेशलिस्ट) ने भी भाग लिया और छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, स्कॉलरशिप योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़कर सशक्त बनाना रहा।
अटल सत्य टी वी न्यूज 24 के लिए ब्यूरो रिपोर्ट तौफीक अहमद लखनऊ।



कोई टिप्पणी नहीं: