हेडलाइन:
निपानिया में डायवर्जन कर शिविर पर उठे सवाल, पारदर्शिता की मांग तेज
इंदौर के निपानिया क्षेत्र की आवासीय कॉलोनियों में हाल ही में राजस्व विभाग द्वारा डायवर्जन कर वसूली के लिए लगाए गए शिविर अब विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। अशिर्वाद विला सोसायटी समेत आसपास की कई सोसायटियों के रहवासियों ने इस पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई लोगों को बिना किसी पूर्व व्यक्तिगत सूचना के ही बकाया कर की जानकारी दी गई, जिससे क्षेत्र में भ्रम और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई। रहवासियों का कहना है कि अचानक बकाया बताने से लोग न तो अपने दस्तावेजों की जांच कर पाए और न ही सही स्थिति समझ सके।
रहवासियों ने यह भी मांग उठाई है कि यदि इस तरह के शिविर अन्य सोसायटियों में भी लगाए जा रहे हैं, तो राजस्व विभाग को चाहिए कि वह वर्षवार बकाया का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक करे और संबंधित जिम्मेदारियों का निर्धारण करते हुए विधिवत नोटिस जारी करे।
निवासियों का मानना है कि पारदर्शी प्रक्रिया, स्पष्ट अभिलेख और समय पर सूचना देने से ही अनावश्यक विवादों से बचा जा सकता है। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में असंतोष का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से स्पष्ट जवाब की अपेक्षा कर रहे हैं।
अटल सत्य टीवी न्यूज 24 — निष्पक्ष खबरों का संग्रह



कोई टिप्पणी नहीं: