अटल सत्य टीवी न्यूज 24
निष्पक्ष खबरों का संग्रह
लखनऊ, 19 मार्च 2026। आगामी अलविदा नमाज़ और ईद-उल-फितर के मद्देनज़र राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज श्रीमान संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस फ्लैग मार्च में अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी), सहायक पुलिस आयुक्त चौक, सहायक पुलिस आयुक्त बाजार खाला सहित कई थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। दो कंपनी पीएसी बल के साथ थाना चौक एवं बाजार खाला क्षेत्र के संवेदनशील और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सघन भ्रमण किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान टीले वाली मस्जिद, आसिफी मस्जिद (बड़ा इमामबाड़ा), शाहमीना शाह दरगाह, रूमी गेट, शाही ईदगाह ऐशबाग, जामा मस्जिद समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली। इसके अलावा नखास, हैदरगंज, अकबरी गेट, विक्टोरिया स्ट्रीट और बाजार खाला जैसे क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करते हुए आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करना है, ताकि आगामी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।
पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जनपद में लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, जिससे अलविदा नमाज़ और ईद का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।
रिपोर्ट: अटल सत्य टीवी न्यूज 24।



कोई टिप्पणी नहीं: