अटल सत्य टीवी न्यूज 24
रिपोर्ट: रामघाट, बुलंदशहर
चैत्र मास के प्रथम नवरात्रि के अवसर पर जनपद बुलंदशहर के रामघाट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध माता बेला भवानी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां शैलपुत्री के दर्शन किए और अपनी मनोकामनाएं मांगीं।
मंदिर परिसर में भोर 4 बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालु नारियल, चुनरी, प्रसाद, अगरबत्ती और सजी हुई पूजा थाल लेकर “जय माता दी” के जयकारों के साथ दर्शन के लिए आगे बढ़ते नजर आए। दूर-दराज के राज्यों जैसे मथुरा, वृंदावन, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे।
प्रशासन और पुलिस रही मुस्तैद
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस चौकी प्रभारी दिलीप कुमार अपनी टीम के साथ लगातार निगरानी करते नजर आए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो। नागरिक सुरक्षा की टीम भी मौके पर तैनात रही।
उप जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। वहीं खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार शर्मा के निर्देशन में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखा गया। सफाईकर्मी लगातार कूड़ा उठाते रहे और पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखा।
श्रद्धा और उत्साह का दिखा अद्भुत संगम
मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्ति गीतों और माता के जयकारों से गूंजता रहा। दुकानों पर पूजा सामग्री, सिंदूर, माला, खिलौने और माता की तस्वीरें खरीदने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता ने बताया कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
प्रथम नवरात्रि के दिन उमड़ी इस विशाल भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि माता बेला भवानी धाम श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है।
अटल सत्य टी वी न्यूज 24 के लिए दीपक भारद्वाज की रिपोर्ट।


